चाईबासा/ Jayant Pramanik शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 60 बटालियन द्वारा सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नीलाईगोट में नक्सल प्रभावित इलाके में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम कमांडेंट श्री अंबुज मुथाल के निर्देशन में एफ/60 समवाय सोनुआ के तत्वावधान में आयोजित हुआ.

यह कार्यक्रम द्वितीय कमान अधिकारी श्री पवन कुमार एवं सहायक कमांडेंट श्री विकास कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ. इस दौरान ग्राम नीलाईगोट की मुखिया श्रीमती रासमनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. कार्यक्रम में नीलाईगोट टोला, चुटियासाईं, प्रजासाईं एवं सगईसाईं गांवों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. ग्रामीणों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई.

सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत बच्चों को स्कूल बैग, वॉलीबॉल और फुटबॉल जैसी खेल सामग्री वितरित की गई. ग्रामीणों को पानी के लिए सिंटेक्स टैंक उपलब्ध कराया गया. बुजुर्गों के बीच कंबल और मच्छरदानी बांटी गई. महिलाओं को साड़ियां दी गईं. किसानों के लिए बीज और अन्य कृषि उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया.
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना, बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और सीआरपीएफ तथा ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास और समन्वय को मजबूत करना है.
वरिष्ठ अधिकारियों श्री साकेत कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक झारखंड सेक्टर एवं श्री विनोद कार्तिक, पुलिस महानिरीक्षक चाईबासा के निर्देशानुसार अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति और सुरक्षित माहौल बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास शांति में ही संभव है. जो लोग भटकर नक्सली गतिविधियों में शामिल हो गए हैं, उन्हें राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति की जानकारी देकर मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.
आत्मसमर्पण और मुख्यधारा से जुड़ने के इच्छुक लोग अपने नजदीकी थाना या सीआरपीएफ कैंप से संपर्क कर सकते हैं. सीआरपीएफ ने आश्वस्त किया कि आम जनता की सुरक्षा, सेवा और सहायता के लिए वह सदैव तत्पर है.
ग्रामीणों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए सीआरपीएफ का आभार व्यक्त किया.

