आदित्यपुर: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर निगम के वार्ड संख्या 17 के प्रभात पार्क में धूमधाम के साथ गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में डॉ. वीणा सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी.

इस मौके पर कार्यक्रम की संचालिका वार्ड 17 की पूर्व पार्षद सह तेजस्विनी अध्यक्ष नीतू शर्मा अपनी तेजस्विनी टीम एवं वार्ड के सम्मानित नागरिकों के साथ उपस्थित रहीं.
ध्वजारोहण के बाद नीतू शर्मा ने बच्चों के बीच पढ़ाई से संबंधित सामग्री का वितरण किया. साथ ही वार्ड के सम्मानित नागरिकों को अंगवस्त्र और कलम देकर सम्मानित किया गया.
अपने संबोधन में श्रीमती नीतू शर्मा ने वार्डवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगी. उन्होंने सभी से आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ क्षेत्र के विकास में भागीदारी निभाने की अपील की. इसी क्रम में जयप्रकाश उद्यान में भी वार्ड 17 की पूर्व पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा द्वारा ध्वजारोहण किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग उपस्थित रहे. राष्ट्रगान और देशभक्ति नारों के बीच समारोह शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.

