जमशेदपुर: नेताजी सुभाष जयंती के अवसर पर रविवार को नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों ने पोखारी गांव में नुक्कड़ नाटक का मंचन कर लोगों को जागरूक किया. छात्रों ने “भ्रष्टाचार: एक दीमक” शीर्षक से नाटक प्रस्तुत कर समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार की समस्या को प्रभावी ढंग से उठाया.

कार्यक्रम के तहत छात्रों ने पहले गांव में घर- घर जाकर ग्रामीणों को नाटक देखने के लिए आमंत्रित किया. इसके बाद खुले स्थान पर नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया, जिसमें भ्रष्टाचार को समाज को भीतर से खोखला करने वाली दीमक के रूप में दर्शाया गया.
विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया और लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया. गांव के मुखिया सुबोध गौड़ कार्यक्रम में मौजूद रहे और छात्रों की पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम गांवों में सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. ग्रामीणों ने भी छात्रों से भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक अभिनव कुमार, एनएसएस यूनिट 4 के छात्र- छात्राएं, कार्यक्रम पदाधिकारी मौसमी मुर्मू, प्राध्यापक अवनी सहाय और अनमोल समेत अन्य लोग उपस्थित रहे.

