आदित्यपुर/ Bipin Varshney नगर निगम क्षेत्र के आशियाना मोड से ईएसआईसी अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चम्पाई सोरेन ने किया.

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सोरेन ने कहा कि टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग से ईएसआईसी अस्पताल को जोड़ने वाली यह सड़क क्षेत्र के मरीजों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी. सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा और अस्पताल तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों से लोगों को राहत मिलेगी.
उन्होंने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में विकास योजनाएं प्रभावित रही हों, लेकिन सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में उनके मुख्यमंत्रित्व काल में स्वीकृत योजनाओं पर लगातार कार्य हुआ है. पिछले कुछ महीनों के दौरान आदित्यपुर क्षेत्र में कई सड़कों का निर्माण कराया गया है, जिससे आधारभूत संरचना मजबूत हुई है.
गौरतलब है कि जलापूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन बिछाए जाने के कारण यह सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी. इसके चलते स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. सड़क के पुनर्निर्माण से इन समस्याओं का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई गई है.
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, बबलू नाथ सोरेन, निवर्तमान पार्षद नीलपदमा विश्वास, निवर्तमान पार्षद जुली महतो, रंजीत प्रधान, परमेश्वर प्रधान, राजेंद्र गोप, बुबई शर्मा, सुभाष करूआ, विजय पारीक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.

