लखीसराय: जिले से बड़ी खबर सामने आई है. जहां किउल थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदावन गांव के समीप पुरानी रंजिश को लेकर एक 16 वर्षीय छात्र की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान गोड्डी निवासी मनोज यादव के पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि छात्र गौरव कुमार बुधवार सुबह किसी काम से घर से किउल के लिए निकला था. इसी दौरान वृंदावन गांव के पास रुदल यादव और उसके पुत्र ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया. इसके बाद आरोपियों ने चाकू से गौरव के शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में घायल गौरव को सदर अस्पताल लखीसराय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर किउल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
इस पूरे मामले में एसडीपीओ शिवम् कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है. उन्होंने बताया कि करीब दस वर्ष पूर्व आरोपी के दादा की हत्या हुई थी, उस हत्याकांड में मृतक के पिता की संलिप्तता रही थी और वे जेल भी गए थे. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तात्कालिक कारणों और पृष्ठभूमि की गहराई से जांच कर रही है.

