पटना: जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बाढ़ रेलवे स्टेशन पर अपराधियों ने ट्रेन में सवार एक यात्री के साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है. यह घटना पटना से जयनगर जाने वाली कमला गंगा फास्ट पैसेंजर ट्रेन की बताई जा रही है.

घायल यात्री अनिकेत ने बताया कि वह पटना में स्थित अपनी स्वर्ण आभूषण की दुकान बंद कर ट्रेन से अपने घर बाढ़ लौट रहा था. इसी दौरान अथमलगोला स्टेशन पर ट्रेन के खड़े रहने के समय 7 से 8 की संख्या में आए बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसके हाथ से हैंड बैग छीनकर फरार हो गए.
पीड़ित के अनुसार हैंड बैग में करीब 60 हजार रुपये नगद के अलावा सोने की सीने की चैन और पायल रखी हुई थी. घटना के बाद ट्रेन के बाढ़ स्टेशन पहुंचने पर उसने जीआरपी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
अनिकेत ने बताया कि उसकी पटना में सोना- चांदी की दुकान है और वह अन्य दुकानों में भी आभूषण की सप्लाई करता है. इस घटना के बाद से वह काफी डरा हुआ है.
जीआरपी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी.

