गोड्डा: जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून- व्यवस्था को चुनौती दी है. पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम के पास नेशनल हाईवे पर सरेशाम हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई. घायल महिला की पहचान वंदना कुमारी के रूप में हुई है, जो न्यायिक दंडाधिकारी संतोष कुमार साह की पत्नी बताई जा रही हैं. संतोष कुमार साह वर्तमान में सासाराम में पदस्थापित हैं.

मिली जानकारी के अनुसार अपाची बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने एक महिला को निशाना बनाकर तीन राउंड फायरिंग की और फरार हो गए. वंदना कुमारी गोड्डा कोर्ट से तारीख अटेंड कर महागामा थाना क्षेत्र के परसा गांव स्थित अपने मायके लौट रही थीं. इसी दौरान गांधीग्राम के पास बाइक सवार अपराधियों ने हमला कर दिया.

घायल महिला के भाई ने बताया कि अंधेरा होने के कारण अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी. वंदना कुमारी को आनन- फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा रेफर किया गया. डॉक्टरों ने बताया कि महिला को तीन गोली लगी है. एक गोली जबड़े में, दूसरी कमर में और तीसरी गोली बांह को छूते हुए निकल गई है. बाद में बेहतर इलाज के लिए महिला को भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी, नगर थाना प्रभारी दिनेश महली और टेक्निकल टीम के निशांत पांडे अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि वंदना कुमारी के ससुराल पक्ष के लोगों ने ही घटना को अंजाम दिया है. वहीं एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घरेलू विवाद का मामला सामने आ रहा है. महिला फिलहाल अपने देवर का नाम बता रही है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे जिले में दहशत का माहौल है.

