सरायकेला: जिला परिषद अंतर्गत प्रखंड गम्हरिया भाग संख्या- 14 के ग्राम नेग़टासाईं में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. चालू वित्तीय वर्ष में लगभग 55 लाख रुपये की लागत से इस भवन निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गई है.

इस योजना का कार्य संविदा के तहत संवेदक जगबंधु महतो को आवंटित किया गया है. आरोप है कि शिलान्यास कार्यक्रम में संबंधित क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य स्नेहा महतो को न तो जिला परिषद कार्यालय और न ही अभियंता अथवा किसी अन्य माध्यम से कोई सूचना दी गई.
शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा किया गया, जबकि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया. इसे जिला परिषद कार्यालय और संवेदक की मिलीभगत बताते हुए योजना में मनमानी और संभावित अनियमितता की आशंका जताई जा रही है. जिप सदस्य द्वारा आरोप लगाया गया है कि राज्य सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि की उपस्थिति के बिना शिलान्यास किया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का उल्लंघन है.
मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पदाधिकारियों और संवेदक पर कार्रवाई, शिलापट्ट में नियमसंगत संशोधन और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की गई है. चेतावनी दी गई है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर जनहित में आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे.

