रांची: गुरुवार को रांची पुलिस द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में पूछताछ से जुड़े मामले को लेकर ईडी ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. ईडी की ओर से इस संबंध में रिट याचिका दाखिल की गई है, जिसमें जांच में जानबूझकर व्यवधान पैदा करने का गंभीर आरोप लगाया गया है.

याचिका में कहा गया है कि पेयजल विभाग में हुए कथित घोटाले से जुड़े आरोपियों को बचाने के उद्देश्य से ईडी की जांच को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. ईडी ने आरोप लगाया है कि एयरपोर्ट थाना में ईडी अधिकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी इसी साजिश का हिस्सा है, ताकि केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई को कमजोर किया जा सके.
ईडी ने हाईकोर्ट से पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है. इसके साथ ही ईडी अधिकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को निरस्त करने और रांची पुलिस की जांच पर रोक लगाने का अनुरोध भी किया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने इस याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई की तिथि निर्धारित की है.

