रांची/ बुंडू: साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल, बुंडू की कक्षा आठवीं की छात्रा भूमिका महतो का चयन 69वें नेशनल स्कूल गेम्स के लिए हुआ है. यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता महाराष्ट्र के जलगांव में 17 से 19 जनवरी तक आयोजित होगी, जहां भूमिका योगासन स्पर्धा में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी.

रांची में आयोजित राज्य स्तरीय ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर योगासन की छह सदस्यीय झारखंड टीम का गठन किया गया, जिसमें भूमिका महतो को स्थान मिला.
नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर भूमिका ने यह मुकाम हासिल किया है. विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमार पाटनी ने भूमिका की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की नैसर्गिक प्रतिभा को पहचान कर सही मार्गदर्शन देना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने भूमिका की सफलता को विद्यालय, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया.
भूमिका महतो ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों और योग शिक्षक बबलू महतो को दिया. विद्यालय प्रबंधन की ओर से भूमिका को नेशनल स्कूल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं. भूमिका महतो का नेशनल स्कूल गेम्स के लिए चयन बुंडू और पांच परगना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है.

