सरायकेला: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रमुख घटक दल भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष के रूप में राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता आदित्य साहू के निर्वाचित होने पर गठबंधन में हर्ष का माहौल है. इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव और ईचागढ़ से एनडीए के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हरे लाल महतो ने उन्हें बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं.

हरे लाल महतो ने अपने संदेश में कहा कि आदित्य साहू का लंबा राजनीतिक अनुभव, सशक्त नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक दक्षता एनडीए को झारखंड में और मजबूत बनाएगी. उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में एनडीए न केवल जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएगा, बल्कि राज्य में एक सजग, मजबूत और जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका भी निभाएगा.
हरे लाल महतो ने बताया कि वर्ष 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में आदित्य साहू कोल्हान क्षेत्र के प्रभारी रहे थे और हाल ही में संपन्न घाटशिला उपचुनाव में भी उन्होंने प्रभारी की जिम्मेदारी निभाई. उनके नेतृत्व में एनडीए ने पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरकर जनता के मुद्दों को प्रमुखता दी. भले ही चुनाव परिणाम जो भी रहे हों, एनडीए हमेशा जनता के हक और अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करता रहा है.
आजसू नेता ने आशा व्यक्त की कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में आदित्य साहू के मार्गदर्शन में एनडीए का संगठनात्मक विस्तार होगा और झारखंड की जनता के बीच गठबंधन की पकड़ और मजबूत होगी.

