मधुपुर/ Md. Aslam के हरिबोल मंडा, चांदमारी में सेवा भारती के तत्वावधान में सोमवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया. यह शिविर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इकाई सेवा भारती द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के महिला, पुरुष और बच्चों सहित कुल 25 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. शिविर में मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार भी उपलब्ध कराया गया.

शिविर में उपस्थित चिकित्सक डॉ. देवानंद ने मरीजों की गहन जांच करते हुए सामान्य बीमारियों के साथ- साथ अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान की और उचित परामर्श दिया. इस दौरान लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया.
इस अवसर पर शांति डायग्नोस्टिक सेंटर की ओर से निःशुल्क ब्लड सैंपल जांच की सुविधा दी गई. वहीं लायंस क्लब और आकाश मेडिकल के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जिससे गरीब और असहाय लोगों को बड़ी राहत मिली.
कार्यक्रम में भरत भैया, धर्मेंद्र कुमार जिला सेवा प्रमुख, अभिषेक जालान, अरविंद मिश्रा शांति डायग्नोस्टिक, मंजू देवी तथा सेवा भारती मधुपुर के स्वास्थ्य आयाम प्रमुख अटल कुमार चौरसिया की गरिमामयी उपस्थिति रही. सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया.
सेवा भारती द्वारा आयोजित इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा. स्थानीय नागरिकों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की आवश्यकता जताई.

