सरायकेला: जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फूड प्रोसेसिंग प्लांटों की सूची उपलब्ध कराने और उनके द्वारा निर्मित खाद्य पदार्थों की शुद्धता व गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठी है. इस संबंध में लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) झारखंड प्रदेश के प्रदेश सचिव मनोज पासवान ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्योग मंत्री चिराग पासवान से दिल्ली में मुलाक़ात कर एक ज्ञापन सौंपते हुए हस्तक्षेप की मांग की है.

पत्र में उल्लेख किया गया है कि झारखंड प्रदेश के सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में लगभग 50 से अधिक फूड प्रोसेसिंग प्लांट संचालित हैं. इन प्लांटों को लेकर स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं. आरोप है कि संबंधित विभाग से इन प्लांटों की सूची प्राप्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन सूची उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया गया. पत्र के माध्यम से यह भी कहा गया है कि आदित्यपुर क्षेत्र में संचालित सभी फूड प्रोसेसिंग प्लांटों की शुद्धता और गुणवत्ता की जांच अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके.
प्रदेश सचिव मनोज पासवान ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में संचालित सभी फूड प्रोसेसिंग प्लांटों की सूची उपलब्ध कराई जाए और सक्षम अधिकारियों की उपस्थिति में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच कराई जाए. उन्होंने कहा कि इससे न केवल आम जनता का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा, बल्कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का भी प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सकेगा.
यह पत्र सामने आने के बाद जिले में फूड प्रोसेसिंग प्लांटों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है. अब देखना यह होगा कि इस मांग पर केंद्र सरकार और संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं.

