सरायकेला: सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में सोमवार को आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर की तैयारियों का जायजा रविवार को अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने लिया. इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान में भाग लेने की अपील की.

मनोज कुमार चौधरी ने सभी इच्छुक रक्तदाताओं से आग्रह किया कि वे शिविर के दिन किसी भी असुविधा से बचने के लिए पहले से व्हाट्सएप नंबर 9204232406 पर अपनी सहमति भेज दें. उन्होंने कहा कि पूर्व पंजीकरण से रक्तदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सकेगा.
रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान के कई शारीरिक लाभ हैं. रक्तदान के बाद शरीर नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण तेजी से करता है, जिससे रक्त परिसंचरण बेहतर होता है और हृदय की कार्यक्षमता बढ़ती है. नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है, जिससे आयरन की अधिकता से होने वाले रोगों का खतरा कम होता है. इसके साथ ही शरीर से विषाक्त तत्वों का निष्कासन तेज होता है, जिससे ताजगी और ऊर्जा का अनुभव होता है.
रक्तदान के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि रक्त की एक इकाई से दुर्घटना पीड़ितों, शल्य-क्रिया से गुजर रहे मरीजों और गंभीर रक्त रोगों से पीड़ित कई लोगों की जान बचाई जा सकती है. रक्तदान न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह सामाजिक एकजुटता और मानवीय संवेदना को भी मजबूत करता है.
इस शिविर की सबसे खास बात यह है कि सभी रक्तदाताओं को हेलमेट प्रदान किया जाएगा. यह देश में अपनी तरह की एक अनोखी पहल मानी जा रही है, जिसके माध्यम से रक्तदान के साथ- साथ सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा.

