जामताड़ा/ Manish Baranwal बीते 7 जनवरी बुधवार को आसनसोल से जामताड़ा स्कूटी से लौटने के दौरान हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवा दवा व्यवसायी चन्दन बरणवाल की इलाज के दौरान मौत हो गई. यह दर्दनाक दुर्घटना आसनसोल रेलपार शीतला गांव के पास हुई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि चन्दन बरणवाल का हेलमेट पूरी तरह चूर-चूर हो गया और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं.

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें आसनसोल स्थित एल एम एल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दुर्गापुर रेफर कर दिया. दुर्गापुर के आई क्यू सीटी अस्पताल में उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया और डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया. हालांकि करीब 72 घंटे तक जिंदगी से जूझने के बाद शनिवार को चिकित्सकों ने उनकी मृत्यु की पुष्टि कर दी. समय अधिक हो जाने के कारण पोस्टमार्टम रविवार को किए जाने की बात कही गई.
रविवार को उनका पार्थिव शरीर जामताड़ा थाना रोड स्थित विवेकानंद स्कूल के समीप उनके आवास लाया जाएगा. इसके बाद अजय नदी स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. चन्दन बरणवाल अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य भी थे. उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वे अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र रुद्र, एक वर्षीय पुत्र धुर्व, पत्नी, माता और पिता को छोड़ गए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

