जामताड़ा: पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 47 पदक अपने नाम किए. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बिहार एथलेटिक्स संघ की ओर से 22 से 24 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड ने 16 स्वर्ण, 16 रजत और 15 कांस्य पदक हासिल किए.


प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन किया. बालिका अंडर-20 वर्ग में सबिता मुर्मू ने जैवलिन थ्रो में 43.71 मीटर का प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया. वहीं बालक अंडर-18 वर्ग में संतोष कुमार ने 1000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता. बालिका अंडर-16 वर्ग में मुक्ता कुमारी ने मिडले रिले में स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
सीमित संसाधनों में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे खिलाड़ी
जामताड़ा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सरोज यादव ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जामताड़ा के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का जूनियर नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता, भोपाल के लिए चयन किया गया है.
उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और नियमित अभ्यास का अवसर उपलब्ध कराने की है. ऐसे आयोजनों में खिलाड़ियों का प्रदर्शन उनकी प्रतिभा और मेहनत को सामने लाता है.
खिलाड़ियों को दी बधाई
जामताड़ा के खिलाड़ियों की उपलब्धि पर झारखंड एथलेटिक्स संघ के चेयरमैन मधुकांत पाठक, सीडी सिंह, एसके पाठक, मनीष दुबे, कोच छोटेलाल कामत, सलिल कुमार, विवेक कुमार, राजीव कुमार, सुमित ओझा, साहिब मंडल सहित खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी. सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जतायी.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

