जमशेदपुर: गोलमुरी थाना अंतर्गत टुईलाडूंगरी इलाके में उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब 20 से 22 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने सरबजीत सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की.

हमले के दौरान अपराधियों ने सरबजीत सिंह को बुरी तरह पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में सड़क पर गिर पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर हिंदूबस्ती निवासी सुखराज के साथ मौके पर पहुंचे थे और सभी अपराधियों के हाथों में हथियार थे.
अपराधियों ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया और दो गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सरबजीत सिंह को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया.
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस द्वारा हमलावरों की पहचान की जा रही है और इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है.
पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

