चाईबासा/ Jaynat Pramanik मनोहरपुर- सिमडेगा मुख्य मार्ग पर आनंदपुर थाना क्षेत्र के डूमिरता के पास एक सनसनीखेज सड़क दुर्घटना सामने आई है. रांची से मनोहरपुर लौट रहे एक कार चालक की ब्रेजा लग्जरी कार अनियंत्रित होकर पुल के पास टकराई और उछलते हुए करीब 10 फीट गहरे खेतनुमा गड्ढे में जा गिरी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोहरपुर बाजार निवासी संजय गुप्ता अपनी ब्रेजा कार (वाहन संख्या JH 05 DA 1821) से रांची से मनोहरपुर की ओर आ रहे थे. इसी दौरान डूमिरता के पास पुल के ड्रेनेज से कार टकरा गई. टक्कर के बाद कार हवा में उछलते हुए चालक की ओर पेड़ से टकराई और गहरे गड्ढे में जा गिरी. यह घटना बुधवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है.
हादसे के बाद कार में अकेले सवार चालक सह मालिक संजय गुप्ता वाहन के अंदर फंस गए. रात का समय और सुनसान इलाका होने के कारण उन्हें तत्काल मदद मिलना मुश्किल हो गया. घायल अवस्था में भी उन्होंने साहस दिखाते हुए काफी देर तक खुद बाहर निकलने का प्रयास किया. इसी दौरान संयोग से गुजर रही एक बारात की गाड़ी में सवार लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकालने में मदद की.
बाहर निकलने के बाद संजय गुप्ता ने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी. फिलहाल उनका प्राथमिक उपचार राउरकेला में कराया जा रहा है.
इधर, गुरुवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर आनंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त ब्रेजा कार को गड्ढे से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

