सरायकेला/ Pramod Singh जिले में पखवाड़े से प्राप्त कंबलों के वितरण में हो रही देरी को लेकर सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष और सक्रिय राजनेता मनोज कुमार चौधरी ने उपायुक्त को पत्र लिखकर चिंता जताई है.

पत्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि लगभग दो सप्ताह पूर्व कंबल उपलब्ध हो जाने के बावजूद अब तक जरूरतमंदों के बीच वितरण नहीं किया गया है. मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में शीत लहर और अत्यधिक ठंड के कारण आम जनजीवन प्रभावित है.
इस स्थिति में सबसे अधिक परेशानी वृद्ध, शारीरिक रूप से कमजोर और आर्थिक रूप से असहाय लोगों को हो रही है.
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि ठंड चरम पर है, ऐसे में कंबलों का वितरण शीघ्र होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल सके. उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि कंबल वितरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेज किया जाए.
साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संगठनों को भी शामिल किया जाए. मनोज कुमार चौधरी ने आशा जताई कि उपायुक्त कार्यालय जल्द इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करते हुए कंबलों का वितरण सुनिश्चित करेगा.

