चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के तत्वावधान में चक्रधरपुर प्रखंड स्थित मधुसूदन महतो आवासीय उच्च विद्यालय में विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया.

यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन तथा प्राधिकार सचिव रवि चौधरी के निर्देश पर आयोजित हुआ. शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें कानून के प्रति जागरूक बनाना रहा.

शिविर के दौरान नशा मुक्ति विषय पर निबंध लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. क्विज के माध्यम से बच्चों को कानून की बुनियादी जानकारी तथा नशे से स्वास्थ्य और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया.
कार्यक्रम में विधिक अधिकार मित्रों ने विद्यार्थियों को मुफ्त कानूनी सहायता, विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली एवं टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी. साथ ही जागरूकता पर्चों का वितरण भी किया गया. शिविर को सफल बनाने में अधिकार मित्र श्वेता रवानी, राजशेखर रवानी सहित बड़ी संख्या में पीएलवी की सक्रिय भूमिका रही. मौके पर विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

