जामताड़ा/ Manish Baranwal नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 2 स्थित नामूपाड़ा में मां चंचला वार्षिक महोत्सव समिति के तत्वाधान में “आमंत्रण- भक्तों के द्वार” कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्रवासियों को मां चंचला त्रिदिवसीय वार्षिक महोत्सव 2026 में भाग लेने का आमंत्रण दिया गया.

मुख्य अतिथि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने कहा कि मां चंचला का वार्षिक महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष 16 जनवरी को होने वाली मां चंचला कलश शोभा यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु भाग लें, ताकि यह महोत्सव ऐतिहासिक बन सके.
वीरेंद्र मंडल ने कहा कि जनभागीदारी जितनी व्यापक होगी, महोत्सव की पहचान उतनी ही मजबूत होगी और राज्य स्तर पर इसकी विशेष पहचान स्थापित होगी. बैठक में उपस्थित सभी भक्तजनों ने संकल्प लिया कि वे भव्य कलश शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में भाग लेकर महोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेंगे.
बैठक में घर-घर आमंत्रण पहुंचाने, प्रचार- प्रसार को तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को आयोजन से जोड़ने पर भी चर्चा हुई. महोत्सव समिति ने विश्वास जताया कि जनसहयोग और मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता से मां चंचला त्रिदिवसीय वार्षिक महोत्सव 2026 ऐतिहासिक रूप से सफल होगा.

