जामताड़ा/ Manish Baranwal उड़ीसा के राउरकेला में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025 में जामताड़ा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है. शुक्रवार को प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन सुंदरगढ़ के पुलिस अधीक्षक नितेश वाधवानी द्वारा किया गया. वहीं प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रघुनाथपाली के विधायक दुर्गा चरण ताप्ती उपस्थित रहे, जिन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके कोच को सम्मानित किया.

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड राज्य की ओर से भाग लेते हुए जामताड़ा जिले के कुल छह ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. समृद्ध आर्य, देवव्रत मंडल, विरा शर्मा और अमित शर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया. वहीं सुब्रदीप सरकार ने रजत पदक और रुद्र प्रताप चौहान ने कांस्य पदक प्राप्त किया.
जिले के खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर खेलप्रेमियों और खेल से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है. सभी ने मेंटर सह पूर्व अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी दीपक दुबे को इस सफलता के लिए बधाई और साधुवाद दिया है. खेलप्रेमियों का कहना है कि जामताड़ा के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाएगी और आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करेगी.

