जामताड़ा/ Manish Baranwal मां चंचला त्रिदिवसीय 13वां वार्षिक महोत्सव 2026 को भव्य और ऐतिहासिक रूप देने के उद्देश्य से गुरुवार को मां चंचला महोत्सव समिति की ओर से प्रचार रथ रवाना किया गया. महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने चंचला मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रचार रथ को रवाना किया.

इस अवसर पर न्यू टाउन जामताड़ा की हरिकृतन मंडली के सदस्यों द्वारा पारंपरिक ढोल- नगाड़ों के साथ भक्ति गीतों की प्रस्तुति की गई, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया.
मौके पर वीरेंद्र मंडल ने जानकारी दी कि 16, 17 और 18 जनवरी 2026 को मां चंचला का 13वां त्रिदिवसीय वार्षिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा. इन तीन दिनों तक पूरे जामताड़ा जिले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ दीपोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा.
महोत्सव के व्यापक प्रचार- प्रसार के लिए चार मां चंचला प्रचार रथ रवाना किए गए हैं, जो लगभग 15 दिनों तक राज्य स्तर पर भ्रमण कर महोत्सव का संदेश जन- जन तक पहुंचाएंगे.
वीरेंद्र मंडल ने कहा कि माता रानी की असीम कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से 12वां वार्षिक महोत्सव ऐतिहासिक रूप से सफल रहा था. इस वर्ष भी 13वां महोत्सव भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को आयोजित होने वाली कलश शोभा यात्रा में लगभग 40 हजार माताएं और बहनें कलश लेकर शामिल होंगी. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जामताड़ा उपायुक्त द्वारा मां चंचला वार्षिक महोत्सव को राजकीय महोत्सव घोषित करने के लिए राज्य सरकार को अनुशंसा भेजी गई है.
प्रचार रथ की रवानगी के साथ ही उन्होंने जिले की सभी माताओं, बहनों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 16 जनवरी को आयोजित मां चंचला कलश शोभा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें.
इस मौके पर अजित कुमार सिंह, मोहन लाल वर्मण, कैप्टन व्यास चौधरी, त्रिलोचन पांडे, मनोरंजन दे, लक्ष्मण पोद्दार, पारस दुबे, तमाल कांति मित्र, प्रेम शंकर प्रसाद, विनय मिश्रा, वीरेंद्र कुमार, कालू मंडल, विकास मंडल, जीत दुबे सहित कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित थे.

