मधुपुर/ Md. Aslam आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत जसीडीह- झाझा रेल सेक्शन में टेलवा बाजार हॉल्ट के पास हुए मालगाड़ी हादसे के तीन दिन बाद बुधवार से ट्रेनों का परिचालन लगभग पूरी तरह बहाल कर दिया गया है. पिछले तीन दिनों से बाधित रेल सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है.

बताया गया कि बीते रविवार 28 दिसंबर को बडुआ नदी पर बने रेलवे पुल संख्या 676 पर सीमेंट लदी 42 डब्बों वाली मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. इस हादसे में मालगाड़ी के 19 डब्बे बेपटरी हो गए थे, जिनमें से 6 डब्बे पुल से नीचे नदी में गिर गए थे.
घटना के बाद अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया था. हादसे के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत और बहाली कार्य शुरू किया. भारी क्रेनों और तकनीकी टीम की मदद से बेपटरी डब्बों को हटाया गया. क्षतिग्रस्त ट्रैक और पुल का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य किया गया. लगातार तीन दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक को दुरुस्त कर दिया गया.
बुधवार से अधिकांश प्रमुख यात्री ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है. रेल सेवाएं बहाल होने से जसीडीह, मधुपुर, झाझा सहित आसपास के इलाकों के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. रेलवे प्रशासन ने बताया कि शेष औपचारिक कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं और जल्द ही रेल परिचालन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा.

