सीवान: नगर परिषद से जुड़े दो कर्मियों के आवास पर जिला प्रशासन की टीम ने मंगलवार को अचानक छापेमारी कर इलाके में हड़कंप मचा दिया. यह कार्रवाई नगर परिषद के कनीय अभियंता ओमप्रकाश सुमन और कार्यपालक सहायक रंजीत कुमार शर्मा के आवास पर की गई.

छापेमारी सीवान सदर एसडीपीओ और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के नेतृत्व में की गई. महादेवा थाना क्षेत्र के रामदेव नगर स्थित दोनों कर्मियों के आवास पर एक साथ प्रशासनिक टीम पहुंची, जहां नगर थाना और महादेवा थाना की पुलिस टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.
सूत्रों के अनुसार नगर परिषद के इन कर्मियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद सीवान डीएम के निर्देश पर जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई की. हालांकि छापेमारी का स्पष्ट कारण अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है. छापेमारी के समय दोनों कर्मी अपने- अपने आवास पर मौजूद नहीं थे. इस दौरान पुलिस टीम ने कार्यपालक सहायक रंजीत कुमार शर्मा के कमरे से एक लैपटॉप जब्त किया है. अन्य दस्तावेजों की भी गहन जांच की गई, लेकिन इस संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई.
जब छापेमारी टीम का नेतृत्व कर रहे एसडीपीओ से इस कार्रवाई को लेकर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. वहीं जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगर परिषद से जुड़े अन्य कर्मियों में भी चर्चाओं का माहौल बना हुआ है.

