कोडरमा: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत इरगोबाद गांव से बीते 13 दिसंबर से लापता 3 वर्षीय बच्चे सैफ अली का शव मंगलवार को क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार 13 दिसंबर की संध्या करीब 4 बजे शमशेर आलम का 3 वर्षीय पुत्र सैफ अली घर से कुछ ही दूरी पर अचानक लापता हो गया था. काफी खोजबीन के बावजूद जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने जयनगर थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था. बच्चे की तलाश को लेकर कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जो लगातार खोजबीन कर रही थी. इसी बीच मंगलवार को इरगोबाद गांव की कुछ महिलाएं गांव से सटे नदी किनारे लकड़ियां चुनने गई थीं. इस दौरान उन्हें नदी किनारे एक बच्चे की खोपड़ी दिखाई दी. महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे.
सूचना मिलने पर सैफ अली के परिजन भी वहां पहुंचे. खोपड़ी के पास से बरामद कपड़ों के आधार पर परिजनों ने लापता सैफ अली की पहचान की. बताया गया कि वही कपड़े सैफ ने पहन रखे थे, जब वह 13 दिसंबर को लापता हुआ था.
शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए. सूचना पाकर जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की.
सैफ अली के पिता शमशेर आलम ने बताया कि घटनास्थल से बरामद कपड़े कुछ ही दिन पहले ऑनलाइन मंगवाए गए थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शव उनके पुत्र का ही है. इधर मामले को लेकर कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि बच्चे के शव बरामद होने की सूचना मिली है. पुलिस टीम मौके पर भेजकर मामले की गहन जांच कराई जा रही है. प्रथम दृष्टया शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि किसी जंगली जानवर द्वारा शव को नुकसान पहुंचाया गया है. हालांकि पुलिस हत्या समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

