चांडिल: प्रखंड के चौलीवासा, चौका एवं चांडिल पंचायत के 700 जरूरतमंद असहाय महिला एवं पुरुषों के बीच रविवार को बढ़ती ठंड को देखते हुए रुगड़ी स्थित सिद्धि विनायक कंपनी परिसर में कंबल का वितरण किया गया. यह वितरण सिद्धि विनायक कंपनी की ओर से किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में चांडिल विधायक सविता महतो उपस्थित रहीं.

कंबल वितरण के दौरान विधायक सविता महतो ने कहा कि कड़ाके की ठंड में कंबल मिलने से जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिलेगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि ठंड से बचाव के लिए कंबल का नियमित उपयोग करें. विधायक ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में लगातार जरूरतमंद लोगों की पहचान कर कंबल वितरण का कार्य किया जा रहा है, ताकि कोई भी गरीब और असहाय ठंड से परेशान न हो.
इस अवसर पर सिद्धि विनायक कंपनी के मालिक विजय मित्तल एवं शंकरलाल अग्रवाल ने भी सामाजिक दायित्व के तहत ऐसे सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखने की बात कही. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य ज्योति लाल मांझी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, शंभु शर्मा, अर्जुन सिंह मुंडा, समर भुईया, श्रीकांत महतो, राहुल वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.

