सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रटांडी में रविवार की शाम एक डाला टेम्पो और बाइक की आमने- सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय नीलू गागराई और 12 वर्षीय नाबालिग आर्यन लागुरी गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायल युवती नीलू गागराई मुड़कुम पंचायत के पूर्व मुखिया गणेश गागराई की पुत्री बताई जा रही है, जबकि नाबालिग आर्यन लागुरी उनका भतीजा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार हो समाज महासभा की ओर से तितिरबिला में पिकनिक का आयोजन किया गया था. नीलू गागराई अपने चचेरे भाई आर्यन के साथ बाइक संख्या JH 05 CW 2020 से पिकनिक में शामिल होने जा रही थी. वहीं डाला टेम्पो संख्या JH 22 H 0933 का चालक गुरुवा महतो, जो नावाडीह गांव का निवासी है, सरायकेला से अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान इंद्रटांडी के पास दोनों वाहनों की आमने- सामने टक्कर हो गई.
हादसे में आर्यन के सिर में गंभीर चोट आई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

