जामताड़ा/ Yogesh Kumar आसनसोल के नियामतपुर में आयोजित 13वीं ओपन राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में झारखंड के जामताड़ा जिले की सामर्थ्य सेल्फ डिफेंस एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया. प्रतियोगिता में एकेडमी के 10 खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में कुल 15 पदक हासिल किए थे.

इस उपलब्धि के बाद रविवार को सामर्थ्य सेल्फ डिफेंस एकेडमी परिसर में पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि जीतू सिंह तथा विशिष्ट अतिथि निक्कू सिन्हा, सुनील कुमार सिंह, मनोज कुमार सिन्हा, राहुल सिंह, सूरज कुमार पासवान और एकेडमी के निदेशक सह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक दुबे मौजूद रहे. अतिथियों ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को पदक, प्रशस्ति पत्र, माला और उपहार देकर सम्मानित किया.
मुख्य अतिथि जीतू सिंह ने कहा कि यह जामताड़ा जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां के ताइक्वांडो खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीत रहे हैं. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. एकेडमी के निदेशक दीपक दुबे ने कहा कि जामताड़ा के खिलाड़ी काफी प्रतिभावान हैं और उन्हें बेहतर मंच देने का लगातार प्रयास किया जा रहा है. आने वाले समय में जिले के और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करेंगे.
प्रतियोगिता में रितु गौराय ने स्वर्ण पदक, देवव्रत मंडल ने दो स्वर्ण पदक, समृद्ध आर्य ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक प्राप्त किया. अमित कुमार शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता. वहीं वीरा कुमारी शर्मा, अनन्या कुमारी, रुद्र प्रताप चौहान और मयंक राज ने रजत पदक हासिल किया. अंकुर आशीष ने कांस्य पदक जबकि अर्णव मंडल ने अपने भार वर्ग में दो कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया.

