सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर गांव के एक तालाब में रविवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान 25 वर्षीय शिला गोप के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका गोविंदपुर गांव निवासी नरेश गोप की पत्नी थी. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. तीन दिन पूर्व वह अचानक घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे.
रविवार की सुबह गांव के कुछ लोग जब तालाब की ओर गए तो उन्होंने महिला का शव पानी में तैरता हुआ देखा. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना सरायकेला थाना को दी गई.
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना के सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है.

