बांका: बिहार के बांका जिले के बड़ी ढाका गांव में झारखंड सरकार के श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव की माता स्वर्गीय प्राणवती देवी को श्रद्धांजलि देने के शनिवार को राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां पहुंचीं. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय प्राणवती देवी को श्रद्धासुमन अर्पित किया और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर इस कठिन घड़ी में ढांढस बंधाया.

इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पहुंचे और परिवार के सदस्यों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में पूरा समाज और सरकार परिवार के साथ खड़ी है.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव, राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जनार्दन यादव, राजद उपाध्यक्ष श्रीराम यादव, महासचिव वीरेन्द्र यादव, सचिव राजेश यादव तथा सरायकेला जिला अध्यक्ष बैजू यादव भी उपस्थित रहे.
सभी नेताओं ने मंत्री संजय प्रसाद यादव से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की. कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल से भी बड़ी संख्या में राजद नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.

