सरायकेला/ Pramod Singh जिले के होनहार युवक संजय कुमार महतो ने संघ लोक सेवा आयोग की इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ESE-2025) में सफलता हासिल कर जिले और गांव का नाम रोशन किया है. इस उपलब्धि के बाद उनके गांव में ग्रामीणों द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.

यूपीएससी इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा में सफल होकर संजय कुमार महतो भारत सरकार के इंजीनियरिंग विभाग में ग्रुप ‘ए’ स्तर के अधिकारी बनेंगे. उन्होंने यह सफलता अपने चौथे प्रयास में हासिल की है. संजय ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2019 से 2021 के बीच लगातार यूपीएससी की परीक्षाएं दीं, लेकिन असफलता के बावजूद हिम्मत नहीं हारी. इस वर्ष उन्हें ऑल इंडिया रैंक 140 प्राप्त हुआ है.
संजय कुमार महतो मूल रूप से गम्हरिया प्रखंड के बांधडीह गांव के निवासी हैं. वर्तमान में उनका परिवार सरायकेला के मउसीबाड़ी के समीप रहता है. उनके पिता संतोष महतो व्यवसायी हैं. संजय की प्रारंभिक शिक्षा बाल विकास शिक्षा निकेतन, सरायकेला से हुई. इसके बाद छठी कक्षा में उनका चयन आवासीय विद्यालय नेतरहाट में हुआ. मैट्रिक के बाद उन्होंने एनआईटी आदित्यपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त की और आगे चलकर आईआईटी दिल्ली से एमटेक किया.
सम्मान समारोह के दौरान संजय कुमार महतो ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया. उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है. उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में नई प्रेरणा देखने को मिल रही है.
बाईट
संजय कुमार महतो

