मधुपुर/ Md. Aslam थाना क्षेत्र अंतर्गत दलहा गांव से एक बेहद मार्मिक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां चार बच्चों की मां रूपा देवी पिछले आठ दिनों से लापता हैं. रूपा देवी के अचानक गायब हो जाने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है. घर में मातृस्नेह के बिना बच्चे बेसहारा हो गए हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार दलहा गांव निवासी रेलकर्मी राजकिशोर राउत की पत्नी रूपा देवी 19 दिसंबर की रात अपनी छोटी बेटी के साथ घर के एक कमरे में सोई थीं. लेकिन 20 दिसंबर की सुबह जब परिवार के अन्य सदस्य जागे, तो रूपा देवी घर में मौजूद नहीं थीं. शुरुआत में परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां खोजबीन की, लेकिन कहीं से भी कोई सुराग नहीं मिला.
रूपा देवी के लापता होने के बाद से उनका पुत्र लगातार मां की तलाश में इधर- उधर भटक रहा है. परिजनों का कहना है कि रूपा देवी का इस तरह बिना बताए घर से चले जाना समझ से परे है. आशंका जताई जा रही है कि उनके साथ कोई अनहोनी न हो गई हो.
इस संबंध में परिजनों ने मधुपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और संभावित स्थानों पर तलाश अभियान भी चला रही है.
परिवार ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि रूपा देवी को जल्द से जल्द खोज निकाला जाए, ताकि चारों बच्चों को उनकी मां सुरक्षित वापस मिल सके. इस घटना से पूरे दलहा गांव में चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है.

