सरायकेला: झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री एवं गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव की माता प्राणवती देवी के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है. उनका निधन 16 दिसंबर 2025 को सुबह 09:40 बजे हुआ था. दिवंगत आत्मा की शांति के लिए आगामी 27 दिसंबर को बिहार के बांका जिले के बड़ी ढाका में श्रद्धांजलि समारोह सह शांति भोज का आयोजन किया जा रहा है.

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जा रहे हैं. कार्यक्रम की शुरुआत 25 दिसंबर को क्षौरकर्म से होगी. इसके बाद 26 दिसंबर को एकादशा का विधान संपन्न किया जाएगा. मुख्य कार्यक्रम 27 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसमें द्वादशा, सपिण्डी और शांति भोज का आयोजन दोपहर 1 बजे से किया जाएगा.
इस दुख की घड़ी में मंत्री संजय प्रसाद यादव, बेलहर विधायक मनोज यादव, शिक्षक वकील यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य अमित भारती, रजनीश भारती एवं समस्त यादव परिवार शोक संतप्त हैं. मंत्री संजय यादव के पिता चन्द्रशेखर प्रसाद यादव, जो महन्त अयोध्या महाविद्यालय के निदेशक हैं, ने सभी शुभचिंतकों और परिचितों से श्रद्धांजलि समारोह एवं शांति भोज में शामिल होने की अपील की है.
कोल्हान क्षेत्र में इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी राजद के पूर्वी सिंहभूम प्रभारी सह आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह संभाल रहे हैं. वे मंत्री के स्वजनों और समर्थकों तक कार्यक्रम की सूचना पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं. अनुमान लगाया जा रहा है कि इस श्रद्धांजलि सभा में बिहार और झारखंड से करीब एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे. कोल्हान क्षेत्र से भी सैकड़ों समर्थक 26 दिसंबर को बांका के लिए रवाना होंगे. उल्लेखनीय है कि दिवंगत प्राणवती देवी का अंतिम संस्कार सुल्तानगंज घाट पर संपन्न हुआ था.

