जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र प्रेमजीत दास ने राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में विजेता बनकर जिले का नाम रोशन किया है. इंस्पायर्ड अवार्ड- मानक विज्ञान प्रोजेक्ट प्रतियोगिता के अंतर्गत झारखंड राज्य के लगभग 150 सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की थी.

यह राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल, रांची में आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न जिलों से चयनित विज्ञान प्रोजेक्ट्स का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया.
इस प्रतियोगिता में जामताड़ा जिले से चयनित चार विद्यालयों के चार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया था. रांची में आयोजित इस राज्यस्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता में जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र प्रेमजीत दास विजेता रहे और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया. प्रेमजीत दास का यह अभिनव विज्ञान प्रोजेक्ट इंस्पायर्ड अवार्ड- मानक योजना के अंतर्गत तैयार किया गया था.

इस प्रोजेक्ट के निर्माण में विद्यालय के विज्ञान शिक्षक मोहम्मद ओजेर आलम ने मार्गदर्शक की भूमिका निभाई.
चयन प्रक्रिया के तहत बीआईटी मेसरा के प्रोफेसरगण एवं विषय विशेषज्ञों की चयन समिति द्वारा दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई थी.
इस कार्यशाला में जेबीसी विद्यालय के पर्यावरण विषयक विज्ञान प्रोजेक्ट को सर्वश्रेष्ठ श्रेणी में घोषित करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित किया गया.
राष्ट्रीय स्तर की यह विज्ञान प्रतियोगिता आगामी दिनों में दिल्ली में आयोजित की जाएगी.
इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की अध्यक्षता संयुक्त शिक्षा सचिव नीलम एलीन टोप्पो ने की.
चयनित प्रोजेक्ट को “कार्बन डाइऑक्साइड रिड्यूसर” नाम से प्रदर्शित किया गया, जिसमें वाहनों से उत्सर्जित कार्बन डाइऑक्साइड गैस के स्तर को कम करने के लिए एक प्रभावी, व्यावहारिक एवं पर्यावरण हितैषी तकनीकी प्रारूप प्रस्तुत किया गया है.
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में मंगलवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह के दौरान छात्र प्रेमजीत दास एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षक को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थीं. यह सफलता न केवल छात्र की वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि विद्यालय, शिक्षक समुदाय और पूरे जामताड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है.

