सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला और चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने सितंबर और अक्टूबर माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध संचालित विशेष अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की. प्रतिवेदन के अनुसार, अभियानों के दौरान 10 ट्रैक्टर, 1 ट्रक 407 और 2 हाईवा जब्त किए गए, साथ ही लगभग 20,000 घनफीट ईंट मिट्टी और 15,000 घनफीट बालू खनिज जब्त किया गया. इस अवधि में चार वाहनों से 94,000 रुपये की दंड राशि वसूल की गई और अवैध उत्खनन तथा परिवहन से संबंधित 2 प्राथमिकी दर्ज की गईं.
उपायुक्त ने जिले में अवैध खनन, उत्खनन, भंडारण और परिवहन की किसी भी गतिविधि पर पूर्ण रोक लगाने, विभागीय समन्वय के साथ सतत और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने नियमित औचक निरीक्षण अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने और जब्त किए गए सभी बालू खनिज का ई-ऑक्शन नियमानुसार संपन्न करने का भी निर्देश दिया. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना पर अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त कार्रवाई दल गठित कर त्वरित और गोपनीय छापेमारी करें. जब्त वाहनों, मशीनरी और संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामलों का न्यायालय में शीघ्र प्रस्तुतिकरण सुनिश्चित किया जाए.

