चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा घटना मनोहरपुर थाना अंतर्गत गिडुंग गांव की है, जहां एक जंगली हाथी ने ग्रामीण को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है.

मृतक की पहचान गिडुंग गांव निवासी लक्ष्मण देवगम के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब दस बजे लक्ष्मण देवगन अपने घर के आंगन में अलाव जलाकर आग ताप रहे थे. उसी दौरान जंगल की ओर से अचानक एक जंगली हाथी गांव में प्रवेश कर गया. हाथी को देखकर लक्ष्मण देवगन संभल पाते, इससे पहले ही हाथी ने उन पर हमला कर दिया. हाथी ने पहले उन्हें सूंड़ से पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बाहर निकले, लेकिन हाथी के आक्रामक होने के कारण कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका. कुछ देर बाद हाथी गांव से निकलकर फिर जंगल की ओर चला गया. इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना मनोहरपुर थाना और वन विभाग को दी.
सूचना मिलते ही शनिवार तड़के वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय समूह में रहने की सलाह दी गई है.
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

