जामताड़ा/ Yogesh Kumar शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौक सुभाष चौक पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब वर्षों पुराना विशाल आम के पेड़ का आधा हिस्सा अचानक सड़क पर गिर पड़ा. इस घटना में सड़क किनारे खड़ी दो मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. गनीमत रही कि घटना के समय चौक पर लोगों की आवाजाही कम थी, जिससे बड़ा हादसा और जनहानि होने से बच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना अचानक घटित होने से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया. पेड़ गिरने के कारण सड़क का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जामताड़ा पुलिस, नगर पंचायत और वन विभाग को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गिरे हुए पेड़ को काटकर सड़क से हटाने का कार्य शुरू किया. कुछ ही समय बाद मार्ग को साफ कर यातायात को सामान्य कर दिया गया.
स्थानीय नागरिकों ने नगर प्रशासन और वन विभाग से मांग की कि शहर में स्थित पुराने और जर्जर पेड़ों का सर्वेक्षण कर उन्हें चिन्हित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके. लोगों का कहना है कि सुभाष चौक, बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित रूप से पेड़ों की छटाई और निरीक्षण जरूरी है.

हालांकि इस घटना में दो मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली. इस घटना ने नगर प्रशासन के लिए भी चेतावनी का संकेत दिया है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं गंभीर हादसे में बदल सकती हैं.

