चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिला के चंडिल अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र के गौसनगर फुटबॉल मैदान के समीप सन्नु बेगम के घर हुई चोरी की घटना का कपाली ओपी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है, जहां पीड़िता का बेटा ही चोरी की साजिश में शामिल पाया गया.

मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों बंगाल कांटा डीह में चांद सह बाबा के उर्स मुबारक में शामिल होने के लिए सन्नु बेगम अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला बंद कर गई थीं. इसी दौरान घर की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर आरोपियों ने ताला तोड़कर नकदी समेत कीमती सामानों की चोरी कर ली. घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलते ही कपाली ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की. जांच में यह सामने आया कि चोरी की साजिश पीड़िता के बेटे राज शेख उर्फ चोट्टा ने ही रची थी.
पुलिस ने इस मामले में जाशीर अंसारी उर्फ जाशीर बच्चा, निवासी ताजनगर रोड नंबर, को कमलपुर थाना क्षेत्र के कटिंग में एक बस से गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की योजना राज शेख ने बनाई थी और उसी के साथ मिलकर ताला तोड़कर नकदी की चोरी की गई. आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि घटना के बाद उसे नशा कराया गया और फिर काले रंग की मोटरसाइकिल से बंगाल में चल रहे उर्स में ले जाया गया.
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी बंगाल के बलरामपुर पहुंच गया था. लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और बस में सवार आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी राज शेख उर्फ चोट्टा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू के नेतृत्व में टाइगर मोबाइल के जवान दस्तगीर आलम, सुनील हापद गड़हा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

