सरायकेला: अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने बुधवार को नीमडीह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण और भूमि से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तार से समीक्षा की.

निरीक्षण उपरांत अपर उपायुक्त ने अंचल कर्मियों के साथ बैठक कर भूमि से जुड़े मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने सभी लंबित भूमि मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. अपर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि भूमि मामलों में पारदर्शिता, नियमसम्मत कार्रवाई और समयबद्ध निपटारा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा.
इसके बाद अपर उपायुक्त ने कुतुंगा ग्राम और हकासारा ग्राम में स्थित सरकारी भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सरकारी भूमि के संरक्षण, अतिक्रमण की रोकथाम और अभिलेखों के अद्यतन संधारण को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. भूमि की वर्तमान स्थिति और उपयोग की भी समीक्षा की गई.
इसी क्रम में अपर उपायुक्त ने गोल्ड माइंस क्षेत्र का भ्रमण कर वहां सुरक्षा मानकों का जायजा लिया. उन्होंने कार्यरत श्रमिकों के बीमा प्रावधानों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों और बीमा नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही गोल्ड माइंस क्षेत्र स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उसकी शीघ्र मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
इस दौरान अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार के साथ नीमडीह अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी सहित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और अंचल कर्मी उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
