चाईबासा Report By Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत गोलमुंडा लैंपस में मंगलवार से धान अधिप्राप्ति योजना का विधिवत शुभारंभ हो गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक जगत माझी ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन किया. इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलखो विशेष रूप से उपस्थित रहीं.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलखो ने बताया कि सोनुआ प्रखंड के लिए इस वर्ष 25 हजार क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि लक्ष्य से अधिक धान लाने वाले किसानों का भी धान क्रय किया जाएगा. वर्तमान में सोनुआ प्रखंड में 575 किसान पंजीकृत हैं, जबकि अन्य किसानों को पंजीकरण के लिए जागरूक करते हुए फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं.
विधायक जगत माझी ने कहा कि झारखंड सरकार किसानों के हित में पारदर्शी तरीके से धान की खरीद कर रही है. उन्होंने बताया कि सामान्य श्रेणी के धान के लिए बोनस सहित 2450 रुपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य एकमुश्त दिया जा रहा है. विधायक ने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों के झांसे में न आएं और सीधे लैंपस में ही अपनी उपज बेचें. उन्होंने कहा कि पूरी खरीद प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होगी.
उद्घाटन के बाद विधायक ने धान अधिप्राप्ति केंद्र में उपलब्ध तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, ई-पॉस मशीन और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इस अवसर पर बीडीओ सोमनाथ उरांव, सीओ अनुज टेटे, जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक, प्रभारी कृषि पदाधिकारी आर्थभंजन प्रधान, कल्याण पदाधिकारी सत्यनारायण मुंडा, गोलमुंडा लैंपस अध्यक्ष सुजाता गागराई, सचिव खगेश्वर महतो, मानकी अभय सोय, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
