आदित्यपुर Report By Parmeshwar Gorai नगर निगम के कर्मचारी राजेश हेम्ब्रम के निधन के बाद मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में शोक और आक्रोश का माहौल देखने को मिला. सोमवार शाम करीब चार बजे कार्य के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से राजेश हेम्ब्रम का निधन हो गया था. इस घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने मंगलवार को उनके पार्थिव शरीर के साथ नगर निगम कार्यालय का घेराव किया और मुआवजे की मांग की.

घटना के बाद नगर निगम प्रशासन और क्यूब (Qube) प्रबंधन द्वारा संयुक्त रूप से मृतक के परिजनों और कर्मचारियों के साथ वार्ता की गई. वार्ता के दौरान मृतक के परिजनों को कुल एक लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी. समझौते के तहत तत्काल पच्चीस हजार रुपये की सहायता राशि दी गई, साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर भी सहमति व्यक्त की गई.
बताया गया कि मृतक राजेश हेम्ब्रम कुलुपटांगा के निवासी थे और क्यूब कंपनी एवं नगर निगम के अंतर्गत सांप सफाई और नाली सफाई का कार्य करते थे. सोमवार को ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
नगर निगम कर्मियों ने आरोप लगाया कि नाली और सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जाती है, जिससे उन्हें गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है. हालांकि इस दुखद घटना के बाद क्यूब कंपनी की ओर से मानवीय पहल करते हुए मुआवजा प्रदान किया गया.
इस अवसर पर जेएमएम युवा नेता रविंद्र बास्के रोहिण, आरयूएसयू क्यूब के सभी कर्मचारी, नगर निगम टीम से देवासी प्रधान, रविंद्र बास्के सहित अन्य प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मृतक राजेश हेम्ब्रम के परिजनों को पच्चीस हजार रुपये की सहायता राशि सौंपी गई.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
