चांडिल Report By Afroj Mallick सरायकेला- खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सोमवार देर शाम एंट्री क्राइम अभियान चलाया गया. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में भी पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान क्षेत्र के प्रमुख चौक- चौराहों पर कार, मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहनों की सघन जांच की गई.

अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों के कागजात, हेलमेट और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी. इसी क्रम में तमोलिया स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल के समीप बिना नंबर प्लेट के काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को पुलिस ने जब्त किया.
ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि एंटी क्राइम चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी, बिना वजह टेस्ट ड्राइव और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाना है. उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियानों से अपराधियों में भय का माहौल बनता है और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है.
उन्होंने आगे बताया कि क्षेत्र में कानून- व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. अभियान के दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया और कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई. पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है.

