चाईबासा Report By Jayant Pramanik सोनुआ- चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर गुटुसाईं के पास रविवार शाम करीब 6 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने सवारी ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. इस सड़क हादसे में सोनुआ बालिका मध्य विद्यालय की शिक्षिका जीरेन पूर्ति (44 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं.

हादसे में शिक्षिका जीरेन पूर्ति का दायां पैर टूट गया है. घटना के तुरंत बाद ऑटो चालक और स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को सोनुआ अस्पताल पहुंचाया गया. सोनुआ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.
मिली जानकारी के अनुसार शिक्षिका जीरेन पूर्ति गुमला से बस के माध्यम से चक्रधरपुर पहुंची थीं. वहां से वह ऑटो में सवार होकर अपने घर सोनुआ लौट रही थीं. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे स्कॉर्पियो वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार स्कॉर्पियो वाहन और चालक की तलाश की जा रही है. सड़क हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

