जामताड़ा Report By Yogesh Kumar जिले के नाला प्रखंड स्थित मां मलांचा पर्वत पर विकसित प्रकृति उद्यान का भव्य उद्घाटन रविवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने किया. फीता काटकर और नारियल फोड़कर उन्होंने इस उद्यान को आम जनता के लिए समर्पित किया. प्रकृति की गोद में बसे इस पर्वत को हरियाली, प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक सुविधाओं से सजाकर एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है.

उद्घाटन समारोह में वन अधिकारी सौरभ चंद्र, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, प्रखंड विकास अधिकारी आकांक्षा कुमारी, नाला वन अधिकारी मृत्युंजय कुमार सहित कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. उत्सवपूर्ण वातावरण में आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ.

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड प्रकृति, जंगल और पहाड़ों से समृद्ध राज्य है, जिसकी रक्षा हम सभी का दायित्व है. मां मलांचा पर्वत न केवल प्राकृतिक धरोहर है, बल्कि आस्था का भी प्रमुख केंद्र है. उन्होंने बताया कि इस पर्वत के विकास पर अब तक लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और भविष्य में भी इसके सौंदर्यीकरण का कार्य जारी रहेगा. यह परियोजना उनका स्वप्न प्रोजेक्ट है.
उन्होंने कहा कि अब लोगों को मैथन या मसानजोर जैसे स्थलों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि मां मलांचा पर्वत पर ही पिकनिक, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों का आनंद लिया जा सकेगा. दूर- दराज से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी. स्थानीय निवासियों ने इस पहल को नाला क्षेत्र में पर्यटन क्रांति का संज्ञा दी है.

