जमशेदपुर: डुमरिया प्रखंड के बांकीशोल पंचायत अंतर्गत बाकुलचंदा गांव स्थित हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘निर्वाण-2’ वृद्धाश्रम का गुरुवार क़ो उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने निरीक्षण किया. यह भ्रमण जिला प्रशासन की पहल पर किया गया, इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे निराश्रित और असहाय बुजुर्गों से बातचीत की और उनकी दैनिक दिनचर्या, सुविधाओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली.


उपायुक्त ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभ से जुड़ी स्थिति के बारे में भी पूछा. निरीक्षण के दौरान कुछ बुजुर्गों के पेंशन, आधार कार्ड और बैंक खाता नहीं होने की बात सामने आने पर बीडीओ डुमरिया को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने आश्रम की आवासीय व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, विश्राम स्थल, शौचालय- स्नानगृह और दैनिक उपयोग की वस्तुओं का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा मानवता का सर्वोच्च कार्य है और हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है.
ठंड को देखते हुए उपायुक्त ने बुजुर्गों की देखभाल को लेकर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के बीच ऊनी वस्त्र, शॉल और आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया. उपायुक्त ने कहा कि समाज में कई बार वृद्ध माता-पिता की उचित देखभाल नहीं हो पाती, जो दुखद है, जबकि बुजुर्गों का अनुभव और आशीर्वाद समाज की अमूल्य धरोहर है. ऐसे में यह वृद्धाश्रम उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान कर सकारात्मक संदेश दे रहा है.
वृद्धाश्रम में निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, वस्त्र, दवाइयाँ, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध है. उपायुक्त ने भोजन की गुणवत्ता, पोषण स्तर और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों जैसे योग, ध्यान और मनोरंजन को नियमित रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने आश्रम परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम सुनिश्चित करने को कहा.
निरीक्षण के दौरान बीडीओ डुमरिया नीलेश मुर्मू, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
