जमशेदपुर: पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां एमजीएम थाना पुलिस ने हत्या की योजना बना रहे एक शातिर अपराधी को अवैध देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है. इसकी जानकारी सोमवार को पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि रविवार की रात वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम तुरियाबेड़ा, डीपीएस स्कूल के पास एक युवक अवैध हथियार अपने घर में छुपाकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है.

सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके एवं थाना प्रभारी एमजीएम के संयुक्त नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान ग्राम तुरियाबेड़ा से राहुल महतो को एक देशी कट्टा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े जाने पर आरोपी राहुल महतो ने अपने बयान में बताया कि वह जुलाई 2025 में मुंबई स्थित लीड होटल, दादर- खंडाला में बार टेंडर के रूप में काम करता था. वहीं उसने करमा उर्फ कर्मदेव शर्मा, जो संकोसाई, ओलीडीह थाना क्षेत्र का निवासी है, को भी उसी होटल में काम दिलवाया था. बाद में करमा ने होटल के जीएम से झूठी शिकायत कर राहुल को नौकरी से निकलवा दिया, जिससे नाराज होकर दोनों के बीच विवाद हुआ और राहुल ने करमा को जान से मारने की धमकी दी.
इसी रंजिश में राहुल बिहार से एक देशी कट्टा खरीद कर लाया और अपने घर में छुपा कर गोली की व्यवस्था में लगा हुआ था.
इसी बीच सोमवार को पुलिस ने उसे अवैध हथियार के साथ धर दबोचा. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वह पहले भी तुरियाबेड़ा गांव में चोरी के मामले में अपने साथियों के साथ जेल जा चुका है. डीएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उसके अन्य आपराधिक कनेक्शन की भी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
