हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर पंचमाधव के गंगटाहीं पुल के पास बुधवार तड़के एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. कार में एक ही परिवार के कुल 9 लोग सवार थे. इस भीषण हादसे में एक बच्चा, एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को पहले अनुमंडलीय अस्पताल बरही में भर्ती कराया गया, जहां से 4 घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है.
बताया गया है कि सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे और इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनएच-19 पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण की मांग की है.

