जमशेदपुर: जिले के तीन प्रमुख जेलों- घाघीडीह मंडल कारा, साकची जेल और घाटशिला जेल में कैदियों की अधिक संख्या और स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के अनुरोध पर यूसीआईएल प्रबंधन ने CSR के तहत तीन एंबुलेंस उपलब्ध कराई है. शनिवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को यूसीआईएल प्रबंधन की ओर से इन एंबुलेंस की चाबियां सौंपी गईं.

उपायुक्त ने तत्पश्चात तीनों जेलों के काराध्यक्षों को एंबुलेंस का जिम्मा सौंपते हुए इनके बेहतर और प्रभावी उपयोग का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कई बार कैदियों के अचानक बीमार पड़ने या गंभीर स्थिति में उन्हें त्वरित उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल या रांची रेफर करना पड़ता है. समय पर एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण कई संवेदनशील परिस्थितियों में कैदियों की जान जोखिम में पड़ जाती है.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने यूसीआईएल प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि CSR के अंतर्गत मिली यह सुविधा कैदियों के उपचार में अत्यंत सहायक होगी और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी. जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इन एंबुलेंस के माध्यम से जेलों में स्वास्थ्य उत्तरदायित्व और अधिक प्रभावी होगा.
एंबुलेंस हस्तांतरण के मौके पर यूसीआईएल प्रबंधन के पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और तीनों जेलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.

