आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का 25वां स्थापना दिवस शुक्रवार शाम पार्टी कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष अनिल पासवान ने केक काटकर की और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटकर एकदूसरे के साथ स्थापना दिवस की खुशियां साझा की. इस दौरान पार्टी कार्यालय उत्साह, जोश और जश्न के माहौल से गूंज उठा.
जिला अध्यक्ष अनिल पासवान ने कहा कि बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी द्वारा 19 सीटें जीतना और एनडीए की सरकार का गठन होना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पार्टी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी शुरू से ही जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर गरीबों, मजदूरों और दलितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है. यही विचारधारा पार्टी को जनता के और करीब ले जाती है.
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड में भी पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ता संकल्पबद्ध हैं. पार्टी सत्ता या कुर्सी की राजनीति नहीं करती, बल्कि मजदूरों, कमजोर वर्गों और आम जनता की सेवा को सबसे बड़ा लक्ष्य मानती है. उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही पार्टी सरायकेला जिले के प्रत्येक वार्ड में अपने प्रत्याशी उतारेगी और संगठन को बूथ स्तर तक विस्तार देगी.

कार्यक्रम में जिला महासचिव रवि सिंह, जिला सचिव आलोक मिश्रा, आदित्यपुर नगर अध्यक्ष अनुज सिंह, नगर सचिव राजा ठाकुर, रंजीत शाह, सचिन पासवान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे. पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था और स्थापना दिवस का समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.

